August 7, 2026

स्कूटर से देशभर में सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे दिवाकर रेड्डी, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य

message

सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कर्नाटक के कोलार जिले के निवासी दिवाकर रेड्डी ने एक अनोखा अभियान शुरू किया है। वह अपनी होंडा डियो स्कूटर पर पूरे भारत की यात्रा कर लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दे रहे हैं।

दिवाकर रेड्डी ने बताया कि उन्होंने 1 नवंबर 2023 से “रोड सेफ्टी अवेयरनेस अभियान” की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत उनका लक्ष्य भारत के सभी 28 राज्यों, 8 केंद्र शासित प्रदेशों और 806 जिलों का भ्रमण करते हुए 2 लाख किलोमीटर से अधिक की यात्रा पूरी करना है। खास बात यह है कि वह यह पूरी यात्रा अकेले (सोलो राइड) कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि यह एक ही देश के भीतर की जाने वाली दुनिया की सबसे लंबी स्कूटर यात्रा होगी। इसी उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का भी उनका लक्ष्य है।

दिवाकर रेड्डी के अनुसार अब तक वह 1009 दिनों में लगभग 1.27 लाख किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 22 राज्यों और 6 केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण किया है। यात्रा के दौरान वह विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में लोगों से संवाद कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

अपने अभियान के माध्यम से वह लोगों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और घायल होने की घटनाओं को जनजागरूकता के माध्यम से काफी हद तक कम किया जा सकता है।

दिवाकर रेड्डी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि पूरे देश में सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और लोगों को सुरक्षित यातायात की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उनके इस अनोखे अभियान की विभिन्न राज्यों में सराहना हो रही है और लोग उनके प्रयास को सड़क सुरक्षा के लिए प्रेरणादायक पहल मान रहे हैं।

दिवाकर रेड्डी 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.