August 8, 2026

शिक्षा के बाजारीकरण के खिलाफ अभियान चलाएगा उत्तराखंड छात्र संगठन

student organizatio

अल्मोड़ा। उपपा कार्यालय अल्मोड़ा में उत्तराखंड छात्र संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन की सदस्य विनीता ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार, आगामी कार्ययोजना, छात्र-युवा हितों से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड छात्र संगठन प्रदेशभर में शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण के खिलाफ, समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिकार और रोजगार को मौलिक अधिकार बनाए जाने की मांग को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। संगठन ने कहा कि शिक्षा और रोजगार किसी भी लोकतांत्रिक समाज की बुनियादी आवश्यकताएं हैं और इन्हें सभी के लिए समान रूप से सुलभ बनाया जाना चाहिए।

छह सदस्यीय संयोजक मंडल गठित

संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बैठक में छह सदस्यीय संयोजक मंडल का गठन किया गया। इसमें विनीता, दीपांशु, सोनी, सुरेंद्र, बलवंत और आशा को शामिल किया गया है।

संयोजक मंडल संगठन के कार्यक्रमों के संचालन, नए सदस्यों को जोड़ने और छात्र-युवा आंदोलनों को संगठित करने की जिम्मेदारी संभालेगा। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में संगठन अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों और युवाओं के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराते हुए संगठन का विस्तार करेगा।

छात्र आंदोलनों पर कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग

बैठक में संगठन ने सरकार की छात्र और युवा नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए। संगठन ने छात्रों के प्रति कथित दमनकारी रवैये की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

संगठन ने छात्र आंदोलनों के दौरान छात्रों पर की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष और जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक के अंत में उत्तराखंड छात्र संगठन ने प्रदेश के सभी छात्रों, शोधार्थियों और युवाओं से संगठन से जुड़ने की अपील की। संगठन ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूत करने के लिए युवाओं को एकजुट होकर आगे आना होगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.