पुरानी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलेगा उत्तराखंड परिवहन निगम, रेट्रोफिट तकनीक पर मंथन
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों और विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उत्तराखंड परिवहन निगम की पुरानी और आउटडेटेड बसों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दोबारा उपयोग में लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
परिवहन मंत्री ने बताया कि बैठक में सन मोबिलिटी और मेगा निर्माणन इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों के साथ पुरानी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि आउटडेटेड बसों को विद्युतीकरण और रेट्रोफिट तकनीक के जरिए आधुनिक परिवहन व्यवस्था का हिस्सा बनाया जा सकता है।
सन मोबिलिटी कंपनी की ओर से पुरानी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया गया। परिवहन मंत्री ने कहा कि यदि इस तकनीक को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है तो यह प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी कदम साबित हो सकता है।
बैठक में मेगा निर्माणन इंडस्ट्रीज की ओर से प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर परिवहन मंत्री ने कंपनी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर विभागीय अधिकारियों के साथ साझा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। इलेक्ट्रिक बसों में लाइव लोकेशन, ऑनलाइन टिकट बुकिंग समेत अन्य डिजिटल सुविधाओं को शामिल कर यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने के साथ-साथ चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना भी जरूरी है। इसके लिए विभाग निजी कंपनियों के प्रस्तावों का तकनीकी और व्यावहारिक परीक्षण कर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा
