August 10, 2026

खानपुर में SIR को लेकर विवाद, विधायक ने लगाए 15 हजार वोट काटने की साजिश के आरोप

Umesh Kumar

हरिद्वार। खानपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय विधायक ने एक वीडियो बयान जारी कर आरोप लगाया है कि क्षेत्र में करीब 15 हजार मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाने की साजिश की जा रही है।

विधायक ने वीडियो संदेश के माध्यम से क्षेत्र में तैनात सभी BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) को किसी भी राजनीतिक दबाव में नहीं आने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी व्यक्ति का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई के नहीं काटा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी ने नियमों के विपरीत काम किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है और गलत काम करने पर जेल भी जाना पड़ सकता है। विधायक ने BLO से निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

वीडियो बयान में विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग कथित तौर पर फर्जी तरीके से एक ही व्यक्ति के नाम पर 27 से 32 तक आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रक्रिया के जरिए यदि मतदाताओं के अधिकार प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो वे मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

विधायक ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी और नियमानुसार होना चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए।

SIR प्रक्रिया को लेकर लगाए गए इन आरोपों के बाद खानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। हालांकि, विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रशासन या निर्वाचन विभाग की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वीडियो:

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.