उत्तरकाशी और टिहरी में भूकंप के झटके, 4.2 तीव्रता से हिली उत्तरकाशी की धरती
उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में सोमवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई, जबकि टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का झटका महसूस हुआ। दोनों जिलों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
उत्तरकाशी में यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत जिले के कई इलाकों में भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी ली।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी में भूकंप का झटका देर रात करीब 1:21 बजे महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 4.2 रही और इसका केंद्र उत्तरकाशी जिले में था।
भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया जा रहा है।
वहीं, टिहरी गढ़वाल में भी सोमवार देर रात हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 दर्ज की गई। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भूकंप के बाद उत्तरकाशी और टिहरी में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।
