देहरादून में डेंगू के 62 मामले, 5 एक्टिव केस; स्वास्थ्य विभाग ने बताया स्थिति नियंत्रण में
देहरादून में डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की खबर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक, जिले में अब तक डेंगू के कुल 62 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें 32 मरीज देहरादून जिले के, जबकि 30 मामले अन्य जिलों या राज्यों से जुड़े हैं।
वर्तमान में जिले में डेंगू के सिर्फ 5 एक्टिव केस हैं। कुछ समय पहले एक्टिव मरीजों की संख्या 10 थी। राहत की बात यह है कि 5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है और किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है।
घर-घर सर्वे और फॉगिंग जारी
डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। आशा कार्यकर्ताओं और डेंगू वालंटियर्स के माध्यम से घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम के सहयोग से संवेदनशील क्षेत्रों में फॉगिंग और लार्विसाइड का छिड़काव भी जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल देहरादून में डेंगू की कोई क्लस्टरिंग सामने नहीं आई है। विभाग का दावा है कि मौजूदा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
डॉ. मनोज कुमार शर्मा, सीएमओ देहरादून।
