पीआईबी देहरादून ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून की ओर से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में फलदार पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आम, चीकू और लीची के पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण और उनके नियमित रख-रखाव की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
‘एक पेड़ माँ के नाम’ देशव्यापी पौधारोपण अभियान है, जिसकी शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान के तहत लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। साथ ही लोगों से धरती और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया जाता है।
अभियान का उद्देश्य बड़े स्तर पर पौधारोपण को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, भू-क्षरण को रोकने और क्षतिग्रस्त भूमि के पुनर्स्थापन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का पावन प्रतीक है। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मां का रिश्ता अटूट है और यह अभियान जननी तथा पर्यावरण के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए, ताकि हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संस्थान, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
