न्यू टिहरी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रचार वाहन रवाना, 14-15 अगस्त को फोटो प्रदर्शनी
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को नई टिहरी में प्रचार वाहन रवाना किया गया। टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में अभियान के तहत चल रही गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी मीडिया को दी।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नई टिहरी में आयोजित की जा रही फोटो प्रदर्शनी की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली यात्रा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके बाद केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14 और 15 अगस्त को नई टिहरी में आयोजित होने वाले एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा तथा ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराना है।
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त की सुबह तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा फोटो प्रदर्शनी देखने पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से समझ सकेंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम अधिकारी ने आमजन से नई टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तिरंगे की गौरवपूर्ण यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को जानने-समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
