August 17, 2026

2027 चुनाव की तैयारी में भाजपा युवा मोर्चा एक्टिव, हर घर-गांव के युवाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य

BJP

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी ने भी चुनावी रणनीति के तहत युवाओं पर विशेष फोकस करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ ही युवा वर्ग को संगठन से जोड़ना भाजपा के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।

इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैन्दोली ने युवाओं की भूमिका और संगठन की कार्यशैली को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में ऊर्जा प्रचुर मात्रा में होती है और युवा मोर्चा भाजपा का एक मजबूत एवं महत्वपूर्ण संगठन है।

विपुल मैन्दोली ने कहा कि पार्टी को मजबूती से आगे बढ़ाना और उसके पक्ष को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखना युवा मोर्चा की अहम जिम्मेदारी है। इसके लिए युवा कार्यकर्ताओं को पूरी तन्मयता और समर्पण के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के हर घर, हर गांव और हर गली के युवाओं को भाजपा से जोड़ना है। इसके लिए संगठन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ना संगठन के प्रत्येक युवा कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसी उद्देश्य के साथ युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों को और अधिक विस्तार दिया जाएगा, ताकि युवाओं की भागीदारी बढ़े और पार्टी की संगठनात्मक पकड़ को प्रदेश में और मजबूत किया जा सके। विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए युवा मोर्चा की सक्रियता भाजपा की चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

विपुल मैन्दोली प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) उत्तराखंड।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.