August 20, 2026

हल्द्वानी में नकली SOG बनकर घुसे बदमाश, 8 लाख की नकदी समेत सोने के जेवर और मोबाइल लूटे

Investigation

हल्द्वानी में बुधवार देर रात नकली पुलिसकर्मी बनकर आए हथियारबंद बदमाशों ने एक कमर्शियल ऑफिस में धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में हुई इस वारदात में 10 से 12 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। बदमाशों ने खुद को पुलिस की SOG टीम का सदस्य बताया और तमंचे के बल पर वहां मौजूद लोगों को डराकर करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने के जेवर और मोबाइल फोन लूट लिए।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित एक ऑफिस में कुछ लोग पार्टी के दौरान कथित तौर पर जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कार ऑफिस के बाहर आकर रुकी। कार से करीब 8 से 10 लोग उतरे और हथियारों के साथ ऑफिस के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों को तमंचा दिखाते हुए खुद को SOG की टीम बताया।

अचानक हुई पुलिस की कथित रेड से वहां मौजूद लोग घबरा गए और किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई। बदमाशों ने टेबल पर रखी जुए की रकम को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि रकम करीब 8 लाख रुपये थी। इसके बाद बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन भी उतरवा लीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों के करीब 12 मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए। माना जा रहा है कि मोबाइल फोन लूटने का मकसद पीड़ितों को तत्काल पुलिस को सूचना देने से रोकना था। इसके बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर बरेली रोड की तरफ फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। एसपी सिटी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। सर्विलांस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.