August 20, 2026

उत्तराखंड चुनाव से पहले युवाओं और महिलाओं पर बढ़ा सियासी फोकस, कांग्रेस-भाजपा ने गिनाई अपनी रणनीति

Politics

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तैयारियां तेज होने लगी हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा समेत सभी राजनीतिक दलों ने युवाओं और महिलाओं पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। दोनों ही प्रमुख दल इन वर्गों को साधने के साथ-साथ अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करने में जुटे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि पार्टी शुरू से ही महिलाओं और युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी युवाओं और महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी देने पर विशेष जोर रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता देने पर विचार करेगी, जहां उनकी जीत की संभावना अधिक होगी।

गोदियाल के मुताबिक, कांग्रेस का प्रयास है कि पार्टी संगठन और चुनावी राजनीति में युवा एवं महिला नेतृत्व को आगे आने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक माहौल में युवाओं और महिलाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है और चुनाव में इसका असर भी देखने को मिलेगा।

वहीं भाजपा ने युवाओं के मुद्दे पर सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से सामने रखा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुँवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के विकास, रोजगार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए युवा आयोग के गठन की घोषणा की है। उन्होंने इसे युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में घोषित युवा आयोग उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड का युवा आयोग प्रदेश के युवाओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा। साथ ही यह आयोग युवाओं को विकसित भारत के मिशन में उनकी भूमिका के लिए नई दिशा देने का काम करेगा।

चुनाव से पहले कांग्रेस जहां राजनीतिक भागीदारी में युवाओं और महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की बात कर रही है, वहीं भाजपा सरकार की योजनाओं और युवा आयोग के जरिए युवाओं को जोड़ने की कोशिश में है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि उत्तराखंड की चुनावी राजनीति में युवा और महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए राजनीतिक दल किस तरह की रणनीति अपनाते हैं।

गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

कुँवर जपेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.