सहसपुर में बंद पड़ी सिलाई यूनिट को मिलेगा नया जीवन, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार
पछवादून के सहसपुर में लंबे समय से बंद पड़ी कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थित सिलाई यूनिट को अब नया जीवन मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन की पहल से जल्द ही आधुनिक मशीनों से लैस इस सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से वर्ष 2024 में स्थापित इस सिलाई यूनिट को अब आस्था कलेक्टर लेवल फेडरेशन को सौंप दिया गया है। सेंटर में करीब 25 से 30 आधुनिक सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाएं जूट बैग, स्कूल ड्रेस, कार और बाइक कवर समेत विभिन्न उत्पाद तैयार करेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि सेंटर के दोबारा संचालन से लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी मशीनों का सदुपयोग हो सकेगा। साथ ही महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
जिला परियोजना प्रबंधक सोनम गुप्ता ने बताया कि प्रशासन सेंटर में तैयार होने वाले उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास कर रहा है। निजी कंपनियों और सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों से संपर्क कर महिलाओं को बल्क ऑर्डर दिलाने की योजना है, जिससे तैयार उत्पादों की नियमित बिक्री सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें लखपति दीदी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। सेंटर के संचालन से स्थानीय स्तर पर उत्पादन, रोजगार और महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अभिनव शाह, मुख्य विकास अधिकारी
सोनम गुप्ता, प्रबंधक, जिला परियोजना रीप।
