August 31, 2026

दून मेडिकल कॉलेज में 95 लाख के कथित मेस फीस घोटाले में बड़ी कार्रवाई, मेस प्रबंधक गिरफ्तार

Doon Medical College

दून मेडिकल कॉलेज में करीब 95 लाख रुपये के कथित मेस फीस घोटाले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेस प्रबंधक अशोक अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि छात्रों से मेस फीस के नाम पर जमा कराई गई रकम निजी बैंक खातों में ट्रांसफर की गई और लंबे समय तक उसका हिसाब-किताब संदिग्ध बना रहा।

मामले को लेकर कॉलेज और निदेशालय स्तर पर भी जांच की गई थी। जांच के दौरान संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मेस प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, एमबीबीएस छात्रों से करीब पांच लाख रुपये लेकर फरार होने की शिकायत भी सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने के साथ ही रकम के लेनदेन और अन्य संभावित आरोपों की गहनता से जांच कर रही है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जैसे-जैसे साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मेस फीस के नाम पर जमा रकम का वास्तविक उपयोग किस प्रकार किया गया और निजी खातों में रकम जमा कराने के पीछे क्या कारण थे। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में वित्तीय अनियमितता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

प्रमोद कुमार, एसपी सिटी देहरादून

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.