August 31, 2026

भारी बारिश से प्रभावित मसंदावाला क्षेत्र का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

inspected

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के मसंदावाला क्षेत्र में देर रात हुई भारी बारिश के बाद मलबा आने से प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जमा मलबे को तत्काल हटाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने पुल के नीचे ब्लॉक निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में भारी बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव और मलबे से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकेगा।

मंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील के माध्यम से आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता के चेक उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

इसके साथ ही गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शासन स्तर पर लंबित योजना की वित्तीय स्वीकृति की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा और बचाव से जुड़े कार्य जल्द शुरू किए जाएं।

मंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.