अल्मोड़ा में भारी बारिश का कहर, मकान में घुसा मलबा; एक की मौत, रेस्क्यू जारी
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले के हवालबाग ब्लॉक से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वडयूड़ा गांव में पहाड़ी से आया भारी मलबा एक मकान में घुस गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में भी चुनौतियां आ रही हैं, लेकिन टीमें मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हुई हैं।
स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में प्रशासन और रेस्क्यू टीमों का सहयोग कर रहे हैं। अधिकारियों ने मौके पर डेरा डाल रखा है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है, जबकि अन्य लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बना हुआ है।
