September 1, 2026

मौलाना के कथित भड़काऊ बयान पर शादाब शम्स सख्त, बोले- संविधान से चलेगा देश

Shadab Shams

त्रिशूल चौक पर मौलाना के कथित भड़काऊ बयान को लेकर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बयान को बेहद गंभीर और चिंता का विषय बताते हुए कहा कि इस तरह की बातें समाज में उकसावे और तनाव का माहौल पैदा करती हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

शादाब शम्स ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को भड़काने और विद्रोह जैसी बातें करने वाले बयान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है और कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती पैदा हो सकती है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “देश संविधान से चलेगा, किसी की गुंडागर्दी से नहीं।” शादाब शम्स ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन समाज में तनाव और वैमनस्य पैदा करने वाले बयानों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की सख्ती का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में कट्टरता और जहरीले बयानों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

शादाब शम्स, अध्यक्ष, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड
Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.