हरिद्वार सिडकुल में सड़क पर मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया
हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर मारपीट और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मौके पर मौजूद लोगों को चिन्हित कर 9 लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, एक युवक और युवती के बीच विवाद के बाद मामला सड़क पर हंगामे तक पहुंच गया। इस दौरान महिला और पुरुषों के बीच मारपीट होने लगी। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सिडकुल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और वीडियो के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की। पुलिस ने चिन्हित किए गए 9 लोगों को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और मारपीट करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला हो या पुरुष, सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिडकुल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, मारपीट और हुड़दंग से बचें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।
