September 3, 2026

तय रूट से हटकर दौड़ने वाले विक्रम, ऑटो और सिटी बसों पर कसेगा शिकंजा

RTO

शहर में विक्रम, ऑटो और सिटी बसों द्वारा तय रूट का उल्लंघन करने और ओवरलोडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को परिवहन विभाग ने गंभीरता से लिया है। यात्रियों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विभाग ने ऐसे सार्वजनिक वाहनों के खिलाफ नियमित चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि लोकल रूटों पर संचालित विक्रम, ऑटो और सिटी बसों की लगातार जांच की जा रही है। प्रवर्तन दल द्वारा वाहनों को रोककर मौके पर ही उनके फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ चालकों को यातायात नियमों और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अवेयरनेस कैंप भी लगाए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नियमों के अनुरूप और सुरक्षित बनाना भी है।

आरटीओ प्रवर्तन ने कहा कि मीडिया और जनता की ओर से मिल रही शिकायतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है। तय रूट से हटकर वाहन संचालन, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और जरूरी दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।

डॉ. अनीता चमोला, आरटीओ (प्रवर्तन)

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.