September 3, 2026

एयर मार्शल (रि.) जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का मुख्य सीईओ बनाया गया

Ayodhya 02 September 2026,

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चंदा और चढ़ावा गबन प्रकरण के बीच आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। आज हुई अहम बैठक में एयर मार्शल (रि.) जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का मुख्य अधिशासी अधिकारी सीईओ बनाया गया है। ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें निर्मला यादव, मदन मोहन पांडे और महेश भागचंद का नाम शामिल हैं।

आज हुई अहम बैठक में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट की कमान सौंपने का फैसला किया गया है। जितेंद्र मिश्रा इसी साल 39 साल की सेवा के बाद 30 अप्रैल को रिटायर हुए हैं।ट्रस्ट के विस्तार के साथ ही निर्मला यादव पहली महिला सदस्य के तौर पर शामिल हुई हैं। निर्मला यादव पहले भी विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। राम मंदिर निर्माण के लिए चलाए गए इस अभियान के दौरान उन्होंने संगठन के साथ मिलकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं। दूसरे नए सदस्य महेश भागचंदका हैं। वह विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे दिवंगत अशोक सिंघल के संबंधी बताए जाते हैं। राम मंदिर से जुड़े आयोजनों में भी भागचंदका की सक्रियता रही है। तीसरे नए सदस्य मदन मोहन पांडे अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। राम मंदिर की कानूनी लड़ाई के दौरान उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता की जिम्मेदारी भी दी गई थी। मदन मोहन पांडे शुरू से राम जन्मभूमि मामले से जुड़े रहे हैं और ट्रस्ट में उनकी नियुक्ति को कानूनी मामलों के अनुभव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

राम मंदिर निर्माण के बाद अब ट्रस्ट के सामने मंदिरो की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार करने की चुनौती है। ऐसे में नए सदस्यों का अनुभव ट्रस्ट के प्रशासनिक, धार्मिक और कानूनी कामकाज में उपयोगी माना जा रहा है।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.