मसूरी में व्यू प्वाइंट से गिरा युवक, उपचार के दौरान मौत
मसूरी भ्रमण के लिए आए दिल्ली निवासी एक युवक की लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से गिरने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, शिवम पुत्र अजय, निवासी 572 मस्जिद लाइन, भोगल, नई दिल्ली, मसूरी घूमने आया हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से युवक अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और युवक से संबंधित अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। मौत के वास्तविक कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
