September 5, 2026

गन्ने के खेत में मिला युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान; संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

Hospital

पीरूमदारा क्षेत्र के हिम्मतपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गन्ने के खेत से उत्तर प्रदेश निवासी 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अर्जुन पुत्र सुनील कुमार, निवासी नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन रक्षाबंधन से एक दिन पहले अपने घर नजीबाबाद से रामनगर में काम करने के लिए निकला था। इसके बाद उसका शव हिम्मतपुर चौसठ नंबर गेट के पास स्थित गन्ने के खेत से बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. शैलजा के अनुसार, पुलिस द्वारा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति के शव को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया था। बाद में पहचान होने पर मृतक की शिनाख्त अर्जुन के रूप में हुई।

चिकित्सक के मुताबिक शव के परीक्षण के दौरान शरीर पर कुछ चोटों के निशान भी दिखाई दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।

बताया जा रहा है कि अर्जुन के तीन बच्चे हैं। वहीं, शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने और शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अर्जुन गन्ने के खेत तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

डॉ शैलजा,चिकित्सक संयुक्त चिकित्सालय

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.