देहरादून स्थित भंडारी बाग रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण तेज, लोहे के पुल से जोड़े जा रहे दोनों छोर
देहरादून। राजधानी देहरादून के बहुप्रतीक्षित भंडारी बाग रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। ओवरब्रिज को जल्द पूरा करने के लिए मौके पर मजदूर पूरी मेहनत और लगन के साथ कार्य में जुटे हुए हैं।
फ्लाईओवर के दोनों छोर को आपस में जोड़ने के लिए लोहे के बड़े स्ट्रक्चर और प्लेट लगाने का कार्य किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रेलवे लाइन की ऊंचाई अधिक होने के कारण फ्लाईओवर के स्तर को सही तरीके से मिलाने के लिए लोहे के स्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है।
निर्माण कार्य के दौरान गैस की उपलब्धता में समस्या आने के कारण कुछ समय के लिए काम प्रभावित हुआ था। अब गैस उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य दोबारा तेजी से शुरू कर दिया गया है।
मौके पर भारी-भरकम क्रेन भी मंगाई गई है। क्रेन की मदद से लोहे की भारी प्लेटों और अन्य स्ट्रक्चर को उठाकर निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जा रहा है। मजदूरों की टीम बेहद सावधानी और मेहनत के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने में जुटी हुई है।
निर्माण कार्य की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि ओवरब्रिज का शेष कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। इसके शुरू होने से आढ़त बाजार, पथरी बाग, रेसकोर्स और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।
भंडारी बाग रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने से रेलवे क्रॉसिंग और आसपास के व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
