October 1, 2026

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्कूल में लगाई झाड़ू, बोले- स्वच्छता अभियान नहीं, जीवनशैली का हिस्सा बने

Ganesh Joshi

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कालीदास रोड स्थित एसजीआरआर पब्लिक स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वच्छ भारत अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल साफ-सफाई तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन, विचारों और व्यवहार का अभिन्न हिस्सा है।

‘स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए’

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत हुई, जिसने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना जरूरी है, उसी तरह मन और विचारों की स्वच्छता भी आवश्यक है। मन में मौजूद नकारात्मकता और बुरे विचारों को दूर कर सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए।

गणेश जोशी ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। इसे केवल किसी अभियान तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना जरूरी है।

युवाओं की भागीदारी से बनेगा स्वच्छ और विकसित भारत

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता का विशेष महत्व है। विकसित भारत @2047 के संकल्प को पूरा करने में देश के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवा शक्ति के संकल्प और सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.