October 5, 2026

दिनेश आर्य उत्तराखंड से राज्यसभा के भाजपा प्रत्याशी घोषित,

Uttrakhand 04 October 2026,

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने सभी को चौंकाते हुए दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य को उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य का प्रत्याशी घोषित किया है। दिनेश आर्य संघ से जुड़े रहे और संघ व पार्टी विचारधारा के प्रति समर्पण का प्रतिफल उनको राज्यसभा का प्रत्याशी के रूप में मिला है। उत्तराखंड विधानसभा में कांग्रेस विधायकों का संख्या बल कम होने और भाजपा का संख्या बल ज्यादा होने से दिनेश आर्य का राज्यसभा सदस्य बनना लगभग तय है।

दिनेश आर्य का परिवार का जुड़ाव संघ से रहा है। दिनेश के पिता बची राम आर्य तत्कालीन हल्द्वानी नगरपालिका के मुस्लिम इलाके से सभासद रहने के साथ ही नगर महामंत्री हल्द्वानी रहे। दिनेश अपने दौर के इकलौते संघ शिक्षा वर्ग 1998 में तृतीय वर्ष के जिले के स्वयंसेवक रहे हैं। तब आरएसएस के सर संघचालक रज्जू भैया थे।

दिनेश आर्य को 2007 में नैनीताल जिले के जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी गई। तब पार्टी ने जिले में शानदार प्रदर्शन किया। दिनेश जिलाध्यक्ष के अलावा भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री रहे हैं। दिनेश आर्य को लंबे राजनीतिक संघर्ष में धैर्य व संगठन की सेवा का फल मिला। दिनेश ने 2022 के साथ 2017 मे नैनीताल आरक्षित सीट से टिकट के लिए प्रयास किये लेकिन टिकट नहीं मिला तो उन्होंने बगावत करने या नाराजगी जताने के बाजार चुपचाप संगठन के निर्देश पर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष मे प्रचार किया। राष्ट्रीय नेतृत्व ने पुराने व वैचारिक परिपक्व कार्यकर्ता दिनेश को प्रत्याशी बनाकर आम कार्यकर्ता का सम्मान किया है।

बता दें कि, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की 12 सीटों के लिए चुनाव 16 अक्टूबर को होंगे।इन चुनावों में उत्तर प्रदेश की 10 सीटें और उत्तराखंड की एक सीट शामिल होगी, जहां मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। वर्तमान में नरेश बंसल उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य हैं जिनका कार्यकाल समाप्त हुआ है। साथ ही पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव भी होगा।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.