October 7, 2026

एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन पर PNB ने हॉकी सितारे अभिषेक और सुखजीत सिंह को किया सम्मानित

honors

सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंकों में शामिल पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता अभिषेक और सुखजीत सिंह को सम्मानित किया। दोनों खिलाड़ियों के सम्मान में नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित पीएनबी कॉर्पोरेट कार्यालय में विशेष अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने दोनों हॉकी सितारों को सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने अपने खेल अनुभव और एशियाई खेलों के दौरान टीम के प्रदर्शन को लेकर चर्चा की।

एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हुआ था। भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में अभिषेक ने 60वें मिनट में निर्णायक गोल दागकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुखजीत सिंह ने भी फाइनल में टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस स्वर्ण पदक के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधा स्थान भी सुनिश्चित किया।

PNB हॉकी टीम के अहम सदस्य हैं दोनों खिलाड़ी

अभिषेक और सुखजीत सिंह पीएनबी के कर्मचारी होने के साथ-साथ बैंक की हॉकी टीम के वरिष्ठ सदस्य भी हैं। पीएनबी देशभर में जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और उन्हें निखारने के लिए हॉकी अकादमी भी संचालित करता है।

अभिषेक का शानदार खेल रिकॉर्ड

अभिषेक राष्ट्रमंडल खेल 2022 में रजत पदक, एशियाई खेल 2022 में स्वर्ण पदक और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। एशिया कप 2025 में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था। एशियाई खेल 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी मिनट में किया गया उनका निर्णायक गोल उनके प्रदर्शन का खास आकर्षण रहा।

सुखजीत सिंह भी कई अंतरराष्ट्रीय खिताबों का हिस्सा

सुखजीत सिंह राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक और एशियाई खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता हैं। उन्होंने 2023 और 2024 में लगातार दो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने वाली भारतीय टीम में योगदान दिया। वह पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। राष्ट्रीय टीम के लिए उनके लगातार प्रभावी प्रदर्शन ने उन्हें भरोसेमंद स्ट्राइकर के रूप में स्थापित किया है।

‘दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर PNB को गर्व’

सम्मान समारोह में पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि बैंक को अपने हॉकी सितारों की उपलब्धियों का जश्न मनाने पर बेहद गर्व है। उन्होंने कहा कि एशियाई खेल 2026 में अभिषेक और सुखजीत का प्रदर्शन उनके कौशल, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ दबाव भरे सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उनके प्रदर्शन ने भारतीय हॉकी के साथ-साथ पूरे पीएनबी परिवार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि बैंक राष्ट्रीय खेल हॉकी समेत अन्य खेलों को भी निरंतर समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.