यूजेवीएनएल में पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन की मांग, रघुनाथ सिंह नेगी ने सीएम धामी को सौंपा ज्ञापन
जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उपनल के माध्यम से जल विद्युत निगम में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि यूपीसीएल में कार्यरत उपनल के पूर्व सैनिक कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ अनुमन्य किया जा चुका है, लेकिन उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) में कार्यरत पूर्व सैनिक अभी इस लाभ से वंचित हैं।
नेगी ने बताया कि उपनल कर्मचारियों के मामले में जनहित याचिका संख्या 116/2018, कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य एवं अन्य में हाईकोर्ट द्वारा उपनल के माध्यम से कार्यरत और प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य लाभ दिए जाने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों के क्रम में शासन की ओर से 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। नेगी के अनुसार, इन निर्देशों के अनुपालन में अधिकांश विभागों और निगमों द्वारा पूर्व सैनिक कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
नेगी का आरोप है कि इसके बावजूद यूजेवीएनएल में अब तक शासन के उक्त आदेश का अनुपालन नहीं किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर यूजेवीएनएल में कार्यरत उपनल के पूर्व सैनिकों को भी समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग की।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि जन संघर्ष मोर्चा को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद पूर्व सैनिकों को जल्द न्याय मिलेगा और शासन के निर्देशों का यूजेवीएनएल में भी अनुपालन कराया जाएगा।
