October 7, 2026

देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, प्लंबर ने बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या की

Police

रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक घर में प्लंबिंग का काम करने पहुंचे व्यक्ति ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपती और पड़ोस में काम करने वाली महिला पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को अपराह्न करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायपुर पुलिस को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा घर में चोरी करने और स्थानीय लोगों द्वारा उसे पकड़ लिए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपती और एक महिला पर पेचकस से हमला किया था। घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और महिला लहूलुहान हालत में अचेत पड़े मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्लंबर का काम करता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी वह दंपती के बुलाने पर प्लंबिंग का काम करने उनके घर पहुंचा था।

पुलिस के अनुसार, काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी की बुजुर्ग दंपती से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया।

बताया गया कि बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला वहां पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उस महिला पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

मौके से पेचकस बरामद, सोने की चेन भी मिली

पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी राजकुमार के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराते हुए साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। प्रारंभिक जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अन्य CCTV फुटेज का भी बारीकी से अवलोकन कर रही है।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह, बरामद सोने की चेन और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।

एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.