November 18, 2026

ऋषिकेश में 20 नवंबर को सजेगा इगास बग्वाल का रंग, प्रीतम भरतवाण देंगे प्रस्तुति

Meeting

तीर्थनगरी ऋषिकेश में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित इगास बग्वाल महोत्सव 20 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। आईडीपीएल मैदान में शाम चार बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधेंगे।

सोमवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की संयोजक एवं नगर निगम ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से उत्तराखंड की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से इगास महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 20 नवंबर को आईडीपीएल मैदान में भव्य आयोजन किया जाएगा।

अनिता ममगाईं ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। आधुनिकता के दौर में कई लोक मान्यताएं और सांस्कृतिक परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं। ऐसे में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। इगास बग्वाल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सभी से इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

इगास बग्वाल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि लोक मान्यता के अनुसार, उत्तराखंड के वीर सपूत माधो सिंह भंडारी की तिब्बत युद्ध में विजय की सूचना ग्यारह दिन बाद प्रदेश पहुंची थी। इसी खुशी में लोगों ने दीपावली के ग्यारह दिन बाद इगास बग्वाल मनाने की परंपरा शुरू की। इसे बूढ़ी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा भैलो नृत्य और पारंपरिक मंडाण के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

महोत्सव में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान का स्वाद ले सकेंगे। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव के माध्यम से लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.