चमोली: रात 9:37 बजे बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 23.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चमोली। आस्था, भक्ति और उल्लास के बीच भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ कपाट बंद होने के पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान बदरीविशाल के जयकारों से गूंज उठा। इसी के साथ वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया।
कपाट बंद होने के अंतिम दिन भगवान बदरीविशाल का भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने अखंड ज्योति के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान के मनमोहक पुष्प श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराया गया, जबकि भगवान उद्धव और कुबेर जी को गर्भगृह से बाहर लाया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कर रात 9:37 बजे मंदिर के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल समापन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं और यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
इस यात्रा वर्ष में करीब 23.50 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। छह माह तक चली यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली के साथ भगवान उद्धव और कुबेर जी की डोलियां तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी परंपरागत धार्मिक यात्रा के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। शीतकाल में पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
इसके साथ ही हिमालय की गोद में स्थित बदरीनाथ धाम में छह माह तक चलने वाली पूजा परंपरा का शीतकालीन क्रम शुरू हो गया है। अब अगले यात्रा सीजन में कपाट खुलने के साथ एक बार फिर धाम श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार होगा।
हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, बीकेटीसी
