November 18, 2026

ऊधम सिंह नगर: किच्छा में दिनदहाड़े अपहरण से मचा हड़कंप, बैंक के सामने से युवक को उठाया

CCTV

किच्छा में सोमवार को दिनदहाड़े अपहरण की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। रुद्रपुर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने बोलेरो सवार कुछ युवक एक व्यक्ति को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। आरोपी उसकी स्विफ्ट डिजायर कार भी अपने साथ ले गए। पूरी घटना बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर अपहृत युवक और उसकी कार को नगला तिराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, बाजपुर के इटव्वा निवासी हरजिंदर सिंह सोमवार को अपने दोस्त के साथ किच्छा आया था। उसने रुद्रपुर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी की थी। इसी दौरान उसका दोस्त किसी काम से कार से बाहर चला गया। तभी अचानक बोलेरो सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और हरजिंदर सिंह को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। आरोपियों का एक साथी उसकी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर भी वहां से निकल गया।

दिनदहाड़े बैंक के सामने हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाल रवि कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी नगला तिराहे के पास अपहृत युवक और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

सीओ सितारगंज दौलत राम वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने भले ही तत्परता दिखाते हुए अपहृत युवक और उसकी कार को सकुशल बरामद कर लिया हो, लेकिन व्यस्त बैंक के सामने दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दौलत राम वर्मा, सीओ सितारगंज

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.