November 18, 2026

टिहरी में भीषण बस हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 8 की मौत, 26 घायल रेस्क्यू

Accident

उत्तराखंड के टिहरी जनपद में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसडीआरएफ के अनुसार, हादसा 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। बस संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ब्यासी स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई और पहुंचते ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की ढालवाला पोस्ट और वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में जवानों ने दुर्गम भूभाग और विषम परिस्थितियों के बीच बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से कठिन रास्ते से सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी एसडीआरएफ जवानों ने बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाए। इसके बाद शवों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। बचाव दलों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, प्रशासन, अन्य राहत एजेंसियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से बचाव अभियान पूरा किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

श्वेता चौबे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.