सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के खूंखार आतंकी कमांडर लतीफ भट को मार गिराया,15 लाख का ईनाम था घोषित,
Jamm-kashmeer 18 November 2026,
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम जिले में आज सुबह सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार आतंकी कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। आतंकी लतीफ भट पर सुरक्षा एजेंसियों ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले कुलगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया था। उस समय मुठभेड़ में लतीफ भट का साथी उमर वसीम डार मारा गया। जबकि लतीफ भट मौके से भाग निकला था। इसके बाद से सुरक्षा बलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। सुरक्षा बलों ने आज सुबह उसे मुठभेड़ में मार गिराया।
सुरक्षा बलों के स्रोतों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मारा गया लतीफ भट कुलगाम में 11 नवंबर को हुए हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। उसके मारे जाने को कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। लतीफ भट पर सुरक्षा एजेंसियों ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह अपनी पहचान छिपाकर आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त था। लतीफ भट जुलाई में प्रवासी मजदूरों की हत्या समेत कई हमलों में शामिल था इसके अलावा किश्तवाड़ जिले में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया पर बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का घाटी में बचा आखिरी स्थानीय आतंकी लतीफ भट मार गिराया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, कुलगाम जिले में आज तड़के सुबह सुरक्षाबलों ने एक सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें कुख्यात आतंकी लतीफ भट को ढेर कर दिया गया।
