November 20, 2026

मसूरी: आरोपों पर पूर्व मेयर गामा की सफाई, बोले- मेरे खिलाफ रची गई साजिश

Press Meeting

मसूरी। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपने ऊपर लगाए जा रहे लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और दुकानों से जुड़े आरोपों पर सफाई दी है। मसूरी पहुंचे गामा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पूरे मामले को उनके खिलाफ रची गई साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए गामा ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण में उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की बात कही।

पूर्व मेयर ने यह भी संकेत दिए कि इस पूरे मामले के पीछे कौन लोग हैं और पर्दे के पीछे रहकर कौन साजिश रच रहा है, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस प्रकरण से जुड़े कई तथ्य और चेहरे सार्वजनिक किए जा सकते हैं।

गामा के इस बयान के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब सबकी नजरें उनके प्रस्तावित खुलासे और कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि, आरोपों को लेकर पूर्व मेयर की ओर से दी गई सफाई उनका पक्ष है। मामले के दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना भी बाकी है।

सुनील उनियाल गामा पूर्व मेयर

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.