November 23, 2026

सुप्रीम कोर्ट ने दल-बदल संबंधी प्रावधानों को अधिक प्रभावी बनाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग और विधि आयोग से मांगा जवाब,

Delhi 23 November 2026,

सुप्रीम कोर्ट ने दल-बदल संबंधी प्रावधानों को अधिक प्रभावी बनाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सोमवार को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग और विधि आयोग से जवाब मांगा है। याचिका में कहा गया है कि नेता अयोग्य होने से बचने के लिए विधायक या सांसद पद से इस्तीफा दे देते हैं। इससे चुनी हुई सरकारों का बहुमत खतरे में पड़ सकता है।

ए. सेतु की ओर से अधिवक्ता आर. सतीश कुमार और जतिन के माध्यम से दाखिल याचिका में संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दल-बदल संबंधी प्रावधानों को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की गई है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने लॉ कमीशन और कानून व संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है।

याचिकाकर्ता का कहना है कि कुछ जनप्रतिनिधि अयोग्यता की कार्यवाही से बचने के लिए रणनीतिक रूप से इस्तीफा देते हैं। इससे विधानसभाओं में सदस्यों की संख्या बदल सकती है, राजनीतिक समीकरणों पर प्रभाव पड़ता है।

याचिका में कहा गया है कि कई बार विधायक और सांसद अयोग्य घोषित होने से बचने के लिए इस्तीफा दे देते हैं। वे स्पीकर के अयोग्यता पर फैसला सुनाने से पहले ही पद छोड़ देते हैं। इससे सरकारों का बहुमत बदलने और चुनी हुई सरकार गिरने की स्थिति बन सकती है।

याचिका में मांग की गई है कि सांसदों और विधायकों के इस्तीफे व अयोग्यता पर तय समय में पारदर्शी तरीके से फैसला हो। साथ ही, हंग असेंबली में बहुमत साबित करने के लिए सदन में फ्लोर टेस्ट अनिवार्य किया जाए। बहुमत का फैसला सदन के बाहर समर्थन पत्रों या नेताओं के प्रदर्शन से नहीं होना चाहिए। किसी सांसद या विधायक के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई चल रही है या इसकी आशंका है, तो उसके इस्तीफा देने से यह कार्रवाई खत्म नहीं होनी चाहिए।

याचिकाकर्ता का कहना है कि स्पीकर को इस्तीफे की जांच करनी चाहिए कि वह अपनी मर्जी से दिया गया है या किसी दबाव या राजनीतिक फायदे के लिए। इसके लिए तथ्यों के आधार पर कारण सहित आदेश देना चाहिए। साथ ही, इस्तीफे पर फैसले से अलग अयोग्यता की याचिका पर भी सुनवाई पूरी कर फैसला देना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं से केवल जवाब ही मांगा है। याचिका में उठाए गए मुद्दों पर कोई फैसला नहीं दिया है।

 

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.