उत्तराखंड में भाजपा का नया चुनावी नारा, ’60 पार’ नहीं अब ’65 पार’ का लक्ष्य
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कार्यसमिति की विस्तृत बैठक के बाद पार्टी ने चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। भाजपा कार्यसमिति सदस्य डॉ. गीता खन्ना ने पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति साझा करते हुए इस बार ’60 पार’ के बजाय ’65 पार’ का लक्ष्य निर्धारित किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन आगामी विधानसभा चुनाव के लिए स्पष्ट कार्ययोजना के साथ मैदान में उतरेगा।
डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित और संगठनात्मक रूप से मजबूत पार्टी है। पार्टी केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होती, बल्कि पूरे साल जनता के बीच रहकर काम करती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सभी पदाधिकारियों और प्रभारियों को आगामी चुनाव के मद्देनजर स्पष्ट समय-सारणी और कार्ययोजना सौंपी गई है। इसके तहत संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच से दस वर्षों में विपक्ष ने रचनात्मक आलोचना की भूमिका नहीं निभाई है। उनके अनुसार, विपक्ष केवल चुनाव नजदीक आने पर सक्रिय होता है और विकास के आंकड़ों तथा सरकार की नीतियों पर चर्चा करने के बजाय संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक बहस का हिस्सा बनाता है।
डॉ. खन्ना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के उत्तराखंड दौरों का जिक्र करते हुए विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने विपक्ष को नीतिहीन और दिशाहीन बताते हुए कहा कि यदि विपक्ष को राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दावों पर संदेह है तो उसे तथ्यों और सबूतों के आधार पर सरकार से सवाल पूछने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और संगठन के सभी स्तरों पर कार्यकर्ताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
डॉ. गीता खन्ना , भाजपा कार्यसमिति सदस्य
