उत्तरकाशी: नौगांव में एंगलिंग मीट का आयोजन, युवाओं को रोजगार और पर्यटन से जोड़ने की पहल
उत्तरकाशी जिले की रवांई घाटी में साहसिक पर्यटन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में मत्स्य विभाग ने पहल की है। सोमवार को मत्स्य विभाग उत्तरकाशी की ओर से विकासखंड नौगांव के बीट संख्या-7, सौली में एंगलिंग मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय युवाओं को एंगलिंग गतिविधियों से जोड़ने और क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और युवाओं से नदियों में अवैध मत्स्य आखेट पर रोक लगाने तथा जलीय जैव विविधता के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने एंगलिंग के दौरान कैच एंड रिलीज पद्धति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस पद्धति से मछलियों के संरक्षण के साथ नदी के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नौगांव सरोज पंवार ने स्वयं सहायता समूहों और मत्स्यजीवी सहकारी समितियों को एंगलिंग गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक उपकरण वितरित किए। इनमें एंगलिंग रॉड, फोल्डेबल चेयर, टेबल, लाइफ जैकेट, यूरिनल्स सहित अन्य सामग्री शामिल रही। इसके अलावा प्रतिभागियों को एंगलिंग से संबंधित बैज, टी-शर्ट और टोपी भी प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समूहों को संसाधन उपलब्ध कराकर एंगलिंग और पर्यटन के माध्यम से आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
इस दौरान एंगलिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सबसे बड़ी मछली पकड़ने और सबसे अधिक संख्या में मछलियों का कैच करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। दोनों श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन राशि भी दी गई। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को जिम्मेदार एंगलिंग और कैच एंड रिलीज पद्धति के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में रवांई घाटी सांस्कृतिक मंच की ओर से प्रस्तुत लोकनृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। लोक कलाकारों ने पारंपरिक मौण मेले की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत कर क्षेत्र की लोक परंपराओं को जीवंत किया। इस प्रस्तुति के जरिए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ नदियों और उनमें पाई जाने वाली मछलियों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
मत्स्य विभाग की ओर से बताया गया कि एंगलिंग में रुचि रखने वाले स्थानीय युवा और अन्य इच्छुक व्यक्ति विभाग से संपर्क कर चिह्नित एंगलिंग बीटों में निर्धारित नियमों के अनुसार गतिविधियों का संचालन कर सकते हैं। विभाग की इस पहल से जहां स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है, वहीं रवांई घाटी में साहसिक पर्यटन और इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।
