हरिद्वार के बैरागी कैंप में तेज रफ्तार कार ने तीन गायों को कुचला, मौके पर मौत; चालक फरार
हरिद्वार। बैरागी कैंप क्षेत्र में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार ने तीन गायों को कुचल दिया। हादसे में तीनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और हादसे को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के कथित तौर पर करण पंडित नामक व्यक्ति से जुड़े होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस की जांच में अभी चालक की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की पहचान और तलाश के लिए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
