June 23, 2026

बिहार विधानसभा के चुनाव में हार के बाद कांग्रेस ने कहा:हम जनता के बीच रहकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे,

Bihar 15 November 2025,

बिहार विधानसभा चुनाव- 2025 के चुनाव में कांग्रेस ने 61 सीटों पर चुनाव लड़ा और केवल 6 सीटें ही जीत सकी। पार्टी की करारी हार के बाद, कांग्रेस ने आज शनिवार को एक बैठक बुलाई। जिसमें राहुल गांधी समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया। बैठक के बाद, केसी वेणुगोपाल ने बिहार के नतीजों और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रेस को जानकारी दी।

के.सी. वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस मतदान के आंकड़ों की गहन जाँच करेगी और फिर बिहार चुनाव में केन्द्रीय निर्वाचन आयोग की भूमिका और कांग्रेस की हार के कारणों को मीडिया के समक्ष लाएगी। कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव महागठबंधन के साथ मिलकर लड़ा था। एनडीए ने लगभग 200 सीटें जीतीं, जबकि महागठबंधन केवल 35 सीटें ही हासिल कर पाया। कांग्रेस पार्टी बमुश्किल केवल 6 सीटें ही जीत सकी।

राहुल गांधी ने बिहार चुनाव-2025 के नतीजों पर टिप्पणी करते हुए चुनाव के नतीजों को आश्चर्यजनक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में यह परिणाम वास्तव में आश्चर्यजनक है। हम ऐसा चुनाव नहीं जीत सकते थे जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। कांग्रेस पार्टी और इंडिया ब्लॉक इस परिणाम की गहन समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के लिए और अधिक प्रभावी प्रयास करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बिहार की जनता के फैसले का सम्मान करते हुए, उनकी पार्टी उन ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी जो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। “हम चुनाव परिणामों का गहन अध्ययन करेंगे। हम बिहार के मतदाताओं के प्रति हार्दिक आभारी हैं जिन्होंने ‘महागठबंधन’ का समर्थन किया। उन्होंने कहा, मैं हर कांग्रेस कार्यकर्ता से कहना चाहता हूँ कि निराश होने की ज़रूरत नहीं है। आप हमारी आन, बान और शान हैं। आपकी मेहनत ही हमारी ताकत है। हम लोगों में जागरूकता बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, “हम जनता के बीच रहकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे। यह एक लंबी लड़ाई है और हम इसे पूरी लगन, हिम्मत और सच्चाई के साथ लड़ेंगे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.