July 11, 2026

सेवा भारती ऋषिकेश के 31 सेवा केंद्रों का वार्षिक उत्सव आयोजित

सेवा भारती उत्तराखंड जिला ऋषिकेश द्वारा संचालित 31 सेवा केंद्रों का वार्षिक उत्सव बृहस्पतिवार को देहरादून रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों, गणमान्य नागरिकों और नगरवासियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न सेवा केंद्रों की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर संस्था में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने सामाजिक, सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं योग पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सेवा भारती उत्तराखंड के प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल उपस्थित रहे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में उपेन्द्र विज्ञानी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विनोद कोठारी ने शिरकत की।

मुख्य वक्ता दिनेश प्रसाद सेमवाल ने कहा कि संघ का मूल भाव ही सेवा है और इसी सेवा भावना को स्वयंसेवकों द्वारा युद्ध एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक सेवाभावी संगठन है, जो समाज में छुआछूत जैसी भावनाओं को दूर कर वंचित बच्चों के लिए अनौपचारिक शिक्षा केंद्र, छात्रावास और संस्कार केंद्र संचालित करता है।

उन्होंने बताया कि दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाकर चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा महिलाओं और युवाओं के लिए सिलाई केंद्र, कंप्यूटर कक्षाएं और अन्य व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल मंत्र “नर सेवा ही नारायण सेवा” है और स्वयंसेवक बिना किसी सरकारी अनुदान के सेवा कार्यों में जुटे रहते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेवा भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम मंमगाई ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज को सेवा गतिविधियों से जोड़ना है।

इस दौरान सेवा भारती द्वारा संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही समाजहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.