July 10, 2026

हल्दूचौड़ अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक का तबादला फिलहाल रुका, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

memorandum

हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं एकमात्र विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार कन्याल के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। इसी मुद्दे पर “मेरा सपना, मेरी कोशिश” सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था तथा क्षेत्रीय जनसमस्या निवारण संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) नैनीताल डॉ. रश्मि पंत से मुलाकात कर अलग-अलग जनहित ज्ञापन सौंपे।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जब तक डॉ. सुधीर कुमार कन्याल के स्थान पर समकक्ष विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हो जाती और वह कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेते, तब तक उन्हें कार्यमुक्त न किया जाए। इसके साथ ही अस्पताल में रिक्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल पदों को शीघ्र भरने तथा स्वास्थ्य केंद्र को भारतीय जन स्वास्थ्य मानक (IPHS) के अनुरूप विकसित करने की भी मांग उठाई गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि फिलहाल डॉ. सुधीर कुमार कन्याल का स्थानांतरण रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट पीयूष जोशी ने कहा कि हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व में चिकित्सकों की नियुक्तियां माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में की गई थीं। उन्होंने कहा कि यदि पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना विशेषज्ञ चिकित्सक का स्थानांतरण किया जाता है और इससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो यह न्यायालय के आदेशों की भावना के विपरीत होगा। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जनहित को प्राथमिकता देते हुए पहले समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं “मेरा सपना, मेरी कोशिश” संस्था के अध्यक्ष त्रिलोचन पाठक ने कहा कि हल्दूचौड़ क्षेत्र पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। ऐसे समय में डॉ. सुधीर कुमार कन्याल ने क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई हैं और वे लोगों के लिए संजीवनी साबित हुए हैं। उन्होंने आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए डॉ. कन्याल को फिलहाल हल्दूचौड़ अस्पताल में ही बनाए रखा जाए तथा अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकों, विशेषज्ञों और संसाधनों की जल्द व्यवस्था की जाए।

बैठक के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने दोनों संगठनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापनों को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय को अग्रसारित कर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य विभाग जल्द सकारात्मक निर्णय लेते हुए हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुलभ और निर्बाध चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.