Recent Posts

October 12, 2026

नैनीताल में लगातार बारिश और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

Nainital

सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद और उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में 8 जुलाई से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। नैनीताल में मूसलाधार बारिश के साथ घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आमतौर पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली माल रोड भी इन दिनों लगभग सुनसान नजर आ रही है। लगातार खराब मौसम के कारण पर्यटक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है।

बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन 10 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार लगातार वर्षा के चलते जनपद में दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को खोलने के कार्य में जुटी हुई हैं और यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिन के समय भी अपने वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं, भारी बारिश के चलते नैनी झील का जलस्तर भी बढ़ गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों से पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटनाओं की सूचनाएं भी सामने आ रही हैं।

लगातार हो रही बारिश से जहां एक ओर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं तापमान में गिरावट आने से ठंड भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड पर है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.