मसूरी सीट से भाजपा नेत्री सुनीता विद्यार्थी ने ठोकी दावेदारी, महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की उठाई मांग
मसूरी विधानसभा सीट से भाजपा नेत्री Sunita Vidyarthi ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए संगठन से महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मातृशक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और संगठन लगातार महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
सुनीता विद्यार्थी ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता अपने खून-पसीने से संगठन को मजबूत बनाता है और चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात मेहनत करता है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की दावेदारी को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को उठा रही हैं और उन्हें मुख्यमंत्री तथा संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
भाजपा नेत्री ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से किसी महिला को विधायक बनने का अवसर नहीं मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि संगठन उन्हें मौका देता है तो मातृशक्ति के समर्थन और जनता के विश्वास के बल पर वह पार्टी को मजबूत जनादेश दिलाने में सफल रहेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और अब समय आ गया है कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में भी अधिक अवसर दिए जाएं। सुनीता विद्यार्थी ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं की दावेदारी पर सकारात्मक विचार किया जाए, जिससे मातृशक्ति को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिल सके।
सुनीता विद्यार्थी, भाजपा नेत्री।
