October 6, 2026

गुरु रविदास जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान, देहरादून में तैयारियों पर मंथन

Meeting

भाजपा प्रदेश कार्यालय देहरादून में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित समरसता संकल्प अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बैठक में देहरादून महानगर, देहरादून ग्रामीण, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, टिहरी और कोटद्वार क्षेत्र के विधायक, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश टोली के पदाधिकारी, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और विभिन्न जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि भाजपा संत रविदास जी की 650वीं जयंती को राष्ट्रव्यापी समरसता संकल्प अभियान के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री द्वारा काशी से इस अभियान का शुभारंभ किया गया था।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अब तक संत संपर्क अभियान, कलश वंदन और दीपोत्सव सहित तीन चरण पूरे किए जा चुके हैं। अभियान का चौथा चरण समरसता संकल्प यात्रा है, जो पंजाब से काशी तक आयोजित की जाएगी।

बैठक में इसी यात्रा और उससे जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपने तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

भाजपा नेताओं ने कहा कि संत रविदास महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता, समानता तथा एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।

लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.