कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष कार्यालय का शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट के कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण और उनके हितों की रक्षा के लिए परिषद की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नए कार्यालय के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिक कल्याण परिषद पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण, उत्थान तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नव स्थापित कार्यालय परिषद और पूर्व सैनिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंत्री जोशी ने सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में परिषद पूर्व सैनिकों के हितों के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सैनिक समाज ने हमेशा राष्ट्र और प्रदेश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण परिषद के माध्यम से पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान, उनके पुनर्वास तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। परिषद का यह कार्यालय इन प्रयासों को और अधिक गति देने का कार्य करेगा।
मंत्री ने आशा व्यक्त की कि परिषद समाज हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए राज्य के विकास में सैनिक समाज की सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, परिषद के पदाधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और सैनिक कल्याण से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।
