भारी बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित, सरकार पूरी तरह अलर्ट: विनोद चमोली
प्रदेशभर में लगातार हो रही भारी बारिश का असर जनजीवन के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर भी पड़ने लगा है। कई पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़कें बाधित हो गई हैं, जबकि मैदानी इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है।
बारिश और यात्रा व्यवस्था को लेकर विपक्ष द्वारा सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए जाने के बीच भाजपा विधायक विनोद चमोली ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह मुस्तैद है और मानसून से पहले ही सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई थीं।
विनोद चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी सड़कें बाधित हो रही हैं, वहां मशीनों और राहत टीमों को तत्काल भेजकर मार्ग खोलने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी घटनाएं स्वाभाविक हैं। यह पहली बार नहीं है कि चारधाम यात्रा के दौरान इस तरह की स्थिति बनी हो। पूर्व में भी समय-समय पर अवरोधों को हटाकर यात्रा को सुचारू किया जाता रहा है।
भाजपा विधायक ने कहा कि इस बार अचानक हुई अत्यधिक बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि संबंधित विभाग तेजी से मार्गों को खोलने में जुटे हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी और चारधाम यात्रा फिर से पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित होने लगेगी।
उन्होंने विपक्ष से आपदा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की।
विनोद चमोली, विधायक, भाजपा।
