July 25, 2026

चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 94 दिनों में 45 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Chardham

देवभूमि उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मानसून के दौरान भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और यात्रा में लगातार रिकॉर्ड संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने दावा किया कि इस वर्ष यात्रा प्रबंधन और व्यवस्थाओं में हुए सुधार का सकारात्मक परिणाम यात्रियों की बढ़ती संख्या के रूप में सामने आया है।

कुंवर जपेंद्र सिंह ने बताया कि यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पिछले 94 दिनों के दौरान 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उनके अनुसार, यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 3.5 से 4 लाख अधिक है, जो चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास और बेहतर व्यवस्थाओं का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सरकार द्वारा उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें आयोजित की गई थीं और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। इन योजनाओं का असर अब यात्रा के सफल संचालन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मानसून के दौरान भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी संबंधित विभाग और अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और प्रशासन के समन्वित प्रयासों के चलते चारधाम यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से आगे बढ़ रही है तथा इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है।

कुंवर जपेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.