June 24, 2026

शुरू होगी चारधाम शीतकालीन यात्रा, GMVN के होटलों में ठहरने पर मिलेगी छूट

शीतकाल में तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार चारधामों के प्रवास स्थलों के लिए शीतकालीन यात्रा शुरू करेगी। शीतकाल में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के प्रवास स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के होटलों में ठहरने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। सीएम भी शीतकालीन यात्रा में प्रवास स्थलों पर दर्शन करेंगे।

शुक्रवार को सीएम आवास में मुख्यमंत्री धामी ने उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास स्थलों के लिए यात्रा शुरू की जाए। इसके साथ ही शीतकालीन यात्रा के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शीतकाल में प्रवास स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था करने को कहा। मुख्यमंत्री अगले सप्ताह शीतकालीन प्रवास स्थलों की यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे।

केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के बाद 17 नवंबर को बदरीनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा आगामी छह माह के लिए संपन्न हुई। शीतकाल में बाबा केदार की पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होती है। जबकि यमुनोत्री धाम की खरसाली और गंगोत्री धाम की मुखवा में पूजा पाठ व दर्शन किए जाते हैं। बदरीनाथ धाम की पूजा अर्चना व पांडुकेश्वर व नृसिंह मंदिर जोशीमठ में होती है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.