June 23, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने थराली आपदा में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों एवं मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की तत्काल सहायता राशि प्रदान करने के दिए निर्देश,

Chamoli, 24 August 2025,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के कुलसारी पहुँचकर आपदा राहत शिविर का निरीक्षण कर प्रभावित 15 जनों से मुलाकात की और उन्हें आपदा की इस घड़ी में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में पीड़ितों से फीडबैक भी लिया। थराली क्षेत्र में बीते शुक्रवार की रात्रि में अतिवृष्टि और बादल फटने से टूनरी गदेरा अचानक उफ़ान पर आ गया था। जिसने भीषण थराली बाजार और आसपास के क्षेत्र में तबाही मचाई थी। आपदा के प्रभावितों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सहयोग उन्हें समय पर एवं पूरी संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों एवं मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की तत्काल सहायता राशि प्रदान करने के साथ ही थराली में बेघर हुए लोगों के पुनर्वास की बेहतर व्यवस्था हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, जिस पर प्रभावी कार्रवाई आरंभ हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ आपदा प्रभावित भाई-बहनों के साथ खड़ी है। हर प्रभावित परिवार के लिए आवश्यक सहयोग और राहत की सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.