मुख्यमंत्री श्री धामी ने सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने हेतु सिसौना में बैगुल नदी पर लगभग ₹11.41 करोड़ की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का किया शिलान्यास,
Uttrakhand 17 May 2026,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने हेतु सिसौना में बैगुल नदी पर लगभग ₹11.41 करोड़ की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सिडकुल सितारगंज एवं विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने के लिए लगभग 9 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद एवं शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र के विकास हेतु अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। शक्तिफार्म में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉड से मिल्क पाउडर, आइसक्रीम एवं चीज निर्माण से संबंधित आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है। इसके साथ ही सितारगंज में लगभग ₹54 करोड़ की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका लगभग 75 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। साथ ही सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।
उन्होंने कहा कि किच्छा में लगभग ₹351 करोड़ की लागत से 100 एकड़ भूमि पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सेटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गदरपुर एवं खटीमा बाईपास, खटीमा और किच्छा बस अड्डों, खेल स्टेडियमों, साइकिलिंग ट्रैक, एथलेटिक्स ट्रैक तथा औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान दी जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने, सिसौना नदी पर लगभग ₹11.41 करोड़ की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किए जाने , सितारगंज में पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत करने तथा लगभग ₹54 करोड़ की लागत से सितारगंज में एक्वा पार्क का निर्माण कार्य किए जाने पर मुख्यमंत्री श्री धामी का आभार व्यक्त किया है। सौरभ बहुगुणा सितारगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
