July 12, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को पत्र लिखकर दी शुभकामनाएं

CM पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से चयनित युवाओं को ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार राज्य का मुख्य सेवक बनने का अवसर दिया। जनादेश की भावना के अनुरूप कार्यभार संभालते ही राज्य में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है और यह अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और कठोर परिश्रम के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने योग्य युवाओं को उनका उचित सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राजकीय सेवक के रूप में चयनित होना न केवल युवाओं और उनके परिवारों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चयनित कार्मिकों से निष्पक्षता, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.